
हाथरस 06 नवंबर। जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव बाघऊ के पास शुक्रवार दोपहर ट्रैक्टर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार राकेश, कालीचरण और उदयवीर सहित चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग ट्रैक्टर से हाथरस की ओर आ रहे थे। गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले लिंक रोड पर सामने आए टेंपो को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को ट्रैक्टर से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि सड़क किनारे बने गड्ढे में लंबे समय से मिट्टी नहीं डलवाई गई है, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से लिंक रोड पर बने गड्ढों को भरवाने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।





