
हाथरस 06 नवंबर। हसायन स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर लोहे का तार फेंककर बिजली आपूर्ति बाधित करने और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अवर अभियंता (जेई) मो. इकरार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जेई के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे उपकेंद्र के पड़ोस में रहने वाले भुल्ला उर्फ चंद्रपाल ने बिजली आपूर्ति बंद कराने के उद्देश्य से लोहे के तार के टुकड़ों का छल्ला बनाकर पावर ट्रांसफार्मर की 33 केवी साइड पर फेंक दिया। इससे ब्रेकडाउन हो गया और ट्रांसफार्मर की एचटी लाइन पर तेज धमाके के साथ उसकी बॉडी फट गई। ट्रांसफार्मर से तेल तेजी से निकलने लगा, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ड्यूटी पर तैनात एसएसओ विजयपाल की सूचना पर जेई मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि आरोपित अंधेरे से निकलकर उनके साथ गाली-गलौज करने लगा और झूठा मुकदमा दर्ज कराकर नौकरी खत्म कराने की धमकी दी। इसके बाद जेई ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस वाहन को आता देख आरोपित धमकी देते हुए मौके से भाग गया। पुलिस ने जेई की शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।





