Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 06 नवंबर। पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज शुक्रवार को धनतेरस के साथ हो रहा है। त्योहार को लेकर हाथरस के बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो चुके हैं। बाजारों में ग्राहकों की जबरदस्त भीड़ और दुकानों पर आकर्षक सजावट देखने को मिल रही है। व्यापारियों के अनुसार इस बार दीपावली के त्योहार पर जिले में 120 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। धनतेरस से एक दिन पहले ही फुटपाथ की छोटी दुकानों से लेकर बड़े-बड़े शोरूम तक रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे। सराफा, ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडीमेड गारमेंट्स और पूजन सामग्री के कारोबारियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस पर नए बर्तन, सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण एवं वाहन खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते लोगों ने अपनी सुविधा और बजट के अनुसार खरीदारी की तैयारी की है। शहर के कमला बाजार, बागला कॉलेज मार्ग, मोती बाजार, नयागंज, सराफा बाजार और बैनीगंज में दुकानदारों ने विशेष सजावट की है। बर्तन की दुकानों पर स्टील, पीतल, तांबे और आधुनिक ट्राई-प्लाई बर्तनों की आकर्षक रेंज सजाई गई है, जबकि सराफा बाजार में चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और हल्के वजन के आभूषणों की मांग बनी हुई है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं ऑटोमोबाइल शोरूम में भी ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। कई लोगों ने धनतेरस के शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने के लिए पहले से वाहनों और घरेलू उपकरणों की बुकिंग कराई है। वहीं दीपावली पूजन के लिए मिट्टी से बनी लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, डिजाइनर दीपकों, झालरों, तोरण द्वार, आर्टिफिशियल फूलों और उपहार सामग्री की दुकानों पर भी रौनक है। घंटाघर, नजिहाई बाजार, रामलीला मैदान, सर्कुलर रोड और नयागंज सहित शहर के प्रमुख बाजारों में देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। रेडीमेड कपड़ों, जूता-चप्पल, मिठाई, खील-बताशे और सूखे मेवों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। महिलाओं और युवाओं ने त्योहार के लिए परिधानों एवं पूजन सामग्री की खरीदारी की। शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, मंदिरों, ऐतिहासिक एवं सरकारी इमारतों तथा चौराहों को रंग-बिरंगी एलईडी झालरों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। शाम होते ही पूरा शहर दीपावली के रंग में रंगा नजर आ रहा है। उधर, त्योहारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन भी मुस्तैद है। शहर के भीतर ई-रिक्शा, ऑटो, चारपहिया एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। तालाब चौराहा, मुरसान गेट स्थित किशोर टॉकीज चौराहा, कमला बाजार, सादाबाद गेट और चामड़ गेट सहित प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। यातायात सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि बाजारों में आने वाले लोगों को खरीदारी के दौरान जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। व्यापारियों को इस बार दीपावली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है और बाजारों की रौनक से त्योहार का उत्साह साफ नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page