Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 नवंबर। कार्तिक मास के पावन अवसर पर कस्बे में भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। विशेष रूप से महिलाओं की टोलियां सामूहिक रूप से मंदिरों में पहुंचकर भजन-कीर्तन और संकीर्तन से भगवान की आराधना कर रही हैं। ढोलक, मंजीरे और भक्ति गीतों की मधुर धुनों से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय हो रहा है।

जवाहर बाजार स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाली महिलाओं द्वारा कार्तिक मास में प्रतिदिन किसी न किसी मंदिर में भजन-कीर्तन और संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में दर्जनों की संख्या में महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं। महिलाएं सामूहिक रूप से भक्ति गीत गाकर भगवान का गुणगान करती हैं। एक स्वर में गूंजते भजनों से पूरा वातावरण श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा नजर आता है। भगवान श्रीराम मंदिर में भी सत्येंद्र पाराशर उर्फ पप्पी एडवोकेट की आवाज पर आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। इस दौरान महिलाओं ने भगवान के भजनों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने सामूहिक संकीर्तन के माध्यम से धार्मिक परंपराओं और आपसी सहभागिता का संदेश दिया। आयोजन के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भजन-कीर्तन के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्तिक मास में चल रही इस धार्मिक गतिविधि से कस्बे के मंदिरों में रौनक बढ़ गई है। महिलाओं का कहना है कि सामूहिक भजन-कीर्तन से मन को शांति मिलती है और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर भी मिलता है। पूरे कार्तिक मास में भक्ति और संकीर्तन का यह सिलसिला जारी रहने से कस्बे में आध्यात्मिक उल्लास बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page