Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 नवंबर। कस्बे के मोहल्ला कहारान में गुरुवार तड़के दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में जान गंवाने वाले 70 वर्षीय शहजाद बेग और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम को गुरुवार देर रात गमगीन माहौल में एक साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। वृद्ध दंपती की एक साथ निकली अर्थियों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।

मोहल्ला कहारान निवासी शहजाद बेग मिर्जा और उनकी पत्नी सलमा बेगम गुरुवार तड़के अपने दो मंजिला मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा मकान धुएं से भर गया। हादसे की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों के शव मकान से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव घर पहुंचे तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों की जनाजे की नमाज अदा की गई। इसके बाद एक साथ दोनों की अर्थियां कब्रिस्तान पहुंचीं, जहां गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान रिश्तेदारों, परिचितों और कस्बे के लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे पर गहरा दुख जताया। क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मृत्यु धुएं के कारण दम घुटने से होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद आग की चपेट में आने से उनके शरीर पर जलने के निशान भी आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page