
सादाबाद 06 नवंबर। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में वृद्ध समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पहला हादसा राया रोड पर गांव कजरौठी और मीरपुर के बीच हुआ। यहां एक अनियंत्रित टेंपो अचानक सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान टेंपो में सवार 65 वर्षीय मोहम्मद इरशाद पुत्र श्यामलाल निवासी फतेली का बांस, थाना गोरई, जनपद अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। टेंपो पलटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल वृद्ध को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। दूसरी सड़क दुर्घटना आगरा रोड पर कुरसंडा मोड़ के निकट हुई। यहां आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय योगेश शर्मा पुत्र रामवीर शर्मा बाइक से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से योगेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकीय जांच में उनके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।










