Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 06 नवंबर। आज विकासखंड सहपऊ के सभागार कक्ष में ब्लॉक बाल संरक्षण समिति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं बाल विवाह टास्कफोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। सहायक विकास अधिकारी पंचायत अनिल उपाध्याय ने सभी सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने तथा महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष, 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय अधिनियम-2015, बालश्रम, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 और घरेलू हिंसा से संबंधित प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं के प्रति सामाजिक भेदभाव समाप्त करना है। साथ ही उन्होंने आपातकालीन सहायता के लिए 1098 एवं 112 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। डॉ. अवधेश कुमार ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए अपने आहार में कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा विभाग से आए खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि ने मिड-डे मील सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं पुलिस विभाग से बाल कल्याण अधिकारी एसआई कृपाल सिंह यादव ने पुलिस की कार्यप्रणाली एवं बाल संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई से प्रीति गोयल ने बच्चों को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से बंटी कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page