
हाथरस 05 नवंबर। चंदपा में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। घटना का पता मकान मालिक के वापस लौटने पर चला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंदपा निवासी चंद्रप्रकाश भारद्वाज ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को वह अपनी बहन के गांव बीछिया, थाना हाथरस गेट गया हुआ था। घर पर कोई मौजूद नहीं था। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने 28 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे से सुबह चार बजे के बीच उसके मकान में चोरी कर ली। चोर घर से चार अंगूठी, दो मंगलसूत्र, चार जोड़ी कान के कुंडल, एक कंठोनी, चार जोड़ी तोड़िया और नकदी चोरी कर ले गए।
चंद्रप्रकाश के अनुसार, जब वह वापस घर लौटा तो सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। घर की तलाशी लेने पर जेवर और नकदी गायब मिली। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।






