
हाथरस 05 नवंबर। कोतवाली सदर क्षेत्र के सासनी गेट स्थित खातीखाना देशी शराब की दुकान पर मुफ्त में क्वार्टर मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि 10 लोगों ने दुकान पर पहुंचकर दबंगई दिखाई और मुफ्त में शराब न देने पर सेल्समैन के साथ मारपीट की। इस दौरान दुकान पर ईंट-पत्थर भी फेंके गए। सेल्समैन ने एक व्यक्ति और उसकी स्कूटी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मैनपुरी जिले के थाना करहल क्षेत्र के गांव अतिराम निवासी सर्वेश कुमार, जो वर्तमान में खातीखाना हाथरस में रहते हैं, ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि वह खातीखाना सासनी गेट स्थित देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। आरोप है कि रात करीब नौ बजे 10 लोग दुकान पर पहुंचे और 10 क्वार्टर मुफ्त में मांगने लगे। सर्वेश ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने धमकी देते हुए कहा कि वह अभी जेल से छूटकर आया है और उसे भी निपटा देगा।
तहरीर के अनुसार, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने सर्वेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दुकान पर ईंट-पत्थर भी फेंके गए। सर्वेश ने किसी तरह अपनी जान बचाकर दुकान का गेट बंद कर लिया, लेकिन इसके बाद भी पथराव जारी रहा। पीड़ित का कहना है कि उसने एक व्यक्ति और उसकी स्कूटी को पकड़ लिया तथा पुलिस को सूचना देकर मदद मांगी। सर्वेश ने आशंका जताई कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती थी। उसने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।






