
हाथरस 05 नवंबर। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में मामूली बात को लेकर महिला और उसकी बेटी के साथ घर में घुसकर मारपीट एवं छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला निवासी महिला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 23 जुलाई 2026 की सुबह करीब आठ बजे वह अपनी बेटी के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान घर में रखी पानी से भरी बाल्टी में एक बंदर कूद गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोसी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से मारपीट की। महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की। शोर सुनकर उसके पति बीच-बचाव करने पहुंचे तो एक महिला आरोपी ने उनके सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने ईंटें भी फेंकीं और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि मारपीट में परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं। चोटों के कारण उसकी बेटी को चलने और बोलने में भी परेशानी होने लगी। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।






