
हाथरस 04 नवंबर। वाजिदपुर निवासी उमेशचंद्र पुत्र हरीशचंद्र ने अपनी बेटी कामिनी बंसल के ससुरालीजनों पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने महिला थाना हाथरस में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, उमेशचंद्र ने अपनी बेटी कामिनी की शादी 28 मई 2025 को अलीगढ़ निवासी अनुज अग्रवाल पुत्र विपिन अग्रवाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। आरोप है कि शादी में सोने की जंजीर, अंगूठी, चूड़ी, चांदी के जेवर और 10 लाख रुपये नकद सहित करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और दहेज में 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगा।
उमेशचंद्र का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसके गले में पड़े दुपट्टे से गला दबाने का प्रयास भी किया गया। तहरीर में बताया गया है कि पांच मई 2026 को बेटी ने फोन कर उन्हें बुलाया तो वह अपने दो दामादों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उस समय बेटी के साथ मारपीट कर उसे केवल एक जोड़ी कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया गया। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी बेटी ने अपने पति के किसी अन्य महिला के साथ कथित अवैध संबंध देख लिए थे। इसी बात को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। उमेशचंद्र ने महिला थाना पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित ससुरालीजनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।





