Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 नवंबर। बागला कॉलेज मार्ग पर सासनी गेट स्थित दुकानों को लेकर किरायेदारी विवाद सामने आया है। एक किरायेदार ने दो लोगों पर कथित रूप से फर्जी किरायानामा तैयार कर दुकान हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इस मामले में प्रार्थी विष्णु पुत्र बनवारी लाल ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) हाथरस की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर थाना हाथरस गेट पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के आदेश देने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, बागला कॉलेज मार्ग स्थित दो दुकानों में उनके पिता स्वर्गीय बनवारी लाल ठाकुर गोविंद भगवान जी की ओर से लंबे समय से किरायेदार के रूप में काबिज थे। पिता की मृत्यु के बाद विष्णु, उनके भाई मनोज, लक्ष्य कुमार और मृत भाई वीरपाल की पत्नी गीतांजलि विरासतन किरायेदार के रूप में दुकानों में कारोबार कर रहे हैं। प्रार्थी का दावा है कि उनके द्वारा नियमित रूप से किराया भी अदा किया जा रहा है।

आरोप है कि मंदिर का प्रबंधक बताने वाले मुकुल आनंद पुत्र कृष्ण मुरारी और उनके साथी आशीष जादौन पुत्र रवींद्र पाल सिंह निवासी शहजादपुर ने कथित साजिश के तहत 22 सितंबर 2025 को दुकानों के संबंध में फर्जी किरायानामा तैयार कर लिया। इसके बाद एक अक्टूबर 2025 को दुकान पर पहुंचकर तीन दिन के भीतर दुकान खाली करने की धमकी दी गई। प्रार्थी के मुताबिक, सात अक्टूबर की रात आरोपियों ने दुकानों के ताले तोड़कर अंदर रखा सामान खुर्द-बुर्द करने और कब्जा करने का प्रयास किया। मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक, डीआईजी अलीगढ़ और मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। अब प्रार्थी ने अदालत से थाना हाथरस गेट पुलिस को मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना करने के निर्देश देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page