
हाथरस 04 नवंबर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए हाथरस पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार, 4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में उपजिलाधिकारी सदर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) एवं क्षेत्राधिकारी नगर ने संयुक्त रूप से हाथरस नगर में संचालित पटाखा एवं आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया। संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी क्रियाशीलता, आग से बचाव के इंतजाम, आतिशबाजी के सुरक्षित भंडारण, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों एवं आतिशबाजी का भंडारण और विक्रय निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा गया। इसके साथ ही दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और धूम्रपान पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि पटाखा एवं आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हाथरस पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों को देखते हुए लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।





