
हाथरस 03 नवंबर। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 नवंबर को सदर तहसील क्षेत्र में आबकारी टीम हाथरस ने नगला सड़क, माधव विहार कॉलोनी इगलास रोड और टुकसान स्थित आबकारी फुटकर शराब की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसके साथ ही शराब दुकानों के आसपास स्थित परचून की दुकानों की भी जांच की गई, ताकि अवैध रूप से शराब की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
अभियान के दौरान आबकारी टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को अवैध मदिरा के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। साथ ही अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल आबकारी विभाग अथवा स्थानीय पुलिस को सूचित करें। विभाग की ओर से लोगों को टोल फ्री नंबर 14405 की जानकारी भी दी गई, ताकि अवैध मदिरा से जुड़ी गतिविधियों की सूचना दी जा सके।









