
हाथरस 02 नवंबर। एक विवाहिता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने अग्निवीर पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। विवाहिता का आरोप है कि शादी में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए जाने के बावजूद ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। बेटी के जन्म के बाद उसका उत्पीड़न और बढ़ गया। महिला ने पति पर दूसरी महिला के साथ रहने का भी आरोप लगाया है। कोतवाली हाथरस क्षेत्र के नाई का नगला निवासी अंजली की शादी 22 मई 2021 को बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के गांव लुहारी निवासी आकाश कुमार के साथ हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, शादी में उसके पिता ने करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद पति आकाश कुमार, जेठ पुष्पेंद्र और जिठानी ममता अतिरिक्त दहेज में कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
विवाहिता का आरोप है कि ढाई वर्षीय बेटी अनाया के जन्म के बाद ससुराल वालों का व्यवहार और ज्यादा प्रताड़ित करने वाला हो गया। ससुराल पक्ष के लोग बेटे की चाहत रखते थे। आरोप है कि जिठानी ने पति की दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को ससुराल वाले उसका स्त्रीधन अपने कब्जे में रखकर उसे बेटी सहित हाथरस स्थित मायके छोड़ गए। आरोप है कि मायके में माता-पिता और भाई के सामने भी उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही कार की मांग पूरी होने तक ससुराल में वापस न रखने और जान से मारने की धमकी दी गई। विवाहिता ने शिकायत में बताया कि बाद में उसे जानकारी हुई कि उसका पति अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती है और मेरठ कैंट में तैनात है। महिला ने आरोप लगाया कि पति की फेसबुक आईडी पर दूसरी महिला के साथ फोटो और वीडियो भी मौजूद हैं। इसके अलावा 31 अगस्त को व्हाट्सएप पर गाली-गलौज करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक नवंबर को पति आकाश कुमार, जेठ पुष्पेंद्र और जिठानी ममता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







