
हाथरस 02 नवंबर। शीर्ष संगठन, फुपुक्टा एवं रंपुटा के आह्वान पर सोमवार,आज श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हाथरस में शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षकों ने अपनी लंबित एवं महत्वपूर्ण मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महाविद्यालय की प्राचार्या कक्ष के सामने आयोजित प्रदर्शन में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए शिक्षक हितों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की। शिक्षक संघ की ओर से बताया गया कि यह विरोध प्रदर्शन 2, 3 और 4 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं काली पट्टी बांधकर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदर्शन में महाविद्यालय शिक्षक संघ की अध्यक्ष प्रो. मधु, उपाध्यक्ष डॉ. बरखा भारद्वाज, सचिव डॉ. ललितेश तिवारी, संयुक्त सचिव डॉ. रेनू सिंह और कोषाध्यक्ष नेहा यादव सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।







