
हाथरस 02 नवंबर। गांव पट्टी सामंत में सोमवार सुबह एक 32 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने सुबह करीब 10 बजे उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सुरेश पुत्र भूप सिंह के रूप में हुई है। वह कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी का काम करता था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सुरेश को अत्यधिक शराब पीने की लत थी। बताया गया कि वह रविवार रात भी नशे की हालत में घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक, शराब पीने की आदत और पारिवारिक कलह के चलते उसकी पत्नी और बच्चे काफी समय से अलग रह रहे थे। वे हाथरस शहर के मोहल्ला रमनपुर स्थित अपनी ससुराल में रहते थे।
सोमवार सुबह परिजनों ने सुरेश को कमरे में फंदे पर लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







