
हाथरस 1 नवंबर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ परीक्षा के तृतीय दिवस की प्रथम पाली के दौरान श्री सी.एल.आर.एन. सेकसरिया इंटर कॉलेज, हाथरस स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर विभिन्न परीक्षा कक्षों में लगे कैमरों के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों की स्थिति और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की निगरानी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी रखी जाए और किसी भी स्तर पर परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। परीक्षा केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परीक्षा केंद्र प्रभारी, टेक्निकल टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








