Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

Spor karşılaşmalarına hızlı bahis yapmak için bahsegel kategorisi seçiliyor.

हाथरस 31 अक्टूबर। शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को आगरा रोड स्थित रवि कुंज के इंदिरा गांधी पार्क में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों को नमन करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरिशंकर वर्मा ने की, जबकि संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार ओके एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं एटा के प्रदेश ऑब्जर्वर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथि चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि इंदिरा गांधी का साहसिक नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति उनका समर्पण भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। वहीं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। दोनों महान विभूतियों का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश को जोड़ने, सभी धर्मों एवं वर्गों को साथ लेकर चलने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की विचारधारा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार ओके ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की संप्रभुता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, जबकि सरदार पटेल ने अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज आवश्यकता है कि हम इन महान विभूतियों के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें और आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन महान नेताओं के आदर्शों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है। सभा में पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, ठाकुर कृपेंद्र सिंह चौहान, पूर्व प्रधानाचार्य राधेश्याम अग्निहोत्री एवं गिरिराज सिंह गहलोत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरिशंकर वर्मा ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाए रखना ही इन महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी के.डी. शर्मा, महिला शहर अध्यक्ष आमना बेगम, विनोद शर्मा, शशि गुरु, देवेंद्र शर्मा ‘पूपू बोहरे’, राधाचरण शर्मा, राधाकृष्ण शर्मा, मनीष कुमार, योगेश शर्मा, बृजेश गौतम, नरेंद्र कश्यप, राकेश यादव, विक्रम सिंह माहौर सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page