
हाथरस 30 अक्टूबर। जनपद के अधिवक्ता समाज के बीच आक्रोश का माहौल है। सादाबाद बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पाराशर के खिलाफ दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) के विरोध में अब डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हाथरस भी खुलकर सामने आ गई है। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हाथरस ने जारी घोषणा में कहा है कि वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र पाराशर के विरुद्ध सादाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक द्वारा कथित तौर पर मिथ्या आधारों एवं द्वेषभावना के तहत FIR दर्ज किए जाने से अधिवक्ता समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। एसोसिएशन ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज की गरिमा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घोषणा में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में पिछले दिनों हुई घटना का भी उल्लेख किया गया है। एसोसिएशन ने इन परिस्थितियों को देखते हुए 2 नवंबर 2026 को पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। इस घोषणा के अनुसार, 2 नवंबर को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हाथरस से जुड़े समस्त अधिवक्तागण न्यायिक कार्य नहीं करेंगे। इस फैसले के बाद 2 नवंबर को न्यायालयों में अधिवक्ताओं की ओर से होने वाले न्यायिक कार्य प्रभावित रहने की संभावना है।










