
हाथरस 29 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हाथरस जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. नीरज गोयल ने जिले के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस डॉ. नीरज गोयल ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन और परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही सुगम बनाने के उद्देश्य से 30 अक्टूबर को विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य स्थगित रहेगा। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। परीक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं और प्रशासनिक कार्य यथावत संचालित रहेंगे।









