
हाथरस 29 अक्टूबर। आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की तैयारियों को लेकर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, हाथरस की बैठक कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने की। इसमें अलीगढ़ के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरवर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गिरवर शर्मा का स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही रैली को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में निर्णय लिया गया कि हाथरस जनपद से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल्ली रैली में शामिल कराने के प्रयास किए जाएंगे। रैली की तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय की जिम्मेदारी गिरवर शर्मा को हाथरस का कोऑर्डिनेटर बनाकर सौंपी गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की सामूहिक लड़ाई है। उन्होंने कहा कि हाथरस से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचेंगे और जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रैली की सफलता के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे। गिरवर शर्मा ने कहा कि हाथरस में रैली की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क अभियान को गति दी जाएगी। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेसजनों से एकजुट होकर रैली की सफलता के लिए काम करने का आह्वान किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि जिला और शहर के सभी कांग्रेसजन आपसी तालमेल के साथ तैयारियों में जुटेंगे। अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर रैली के माध्यम से लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। बैठक में मथुरा प्रसाद कुशवाह, संजीव अंधीवाल, कृष्ण एडवोकेट, कपिल सिंह, अजय भारद्वाज, विश्वास, रामबृज सिंह, डॉ. शेर सिंह वरुण, रिंकू प्रधान, अविनाश पचौरी, रितेश सिंह, के.के. शर्मा एडवोकेट और देवेंद्र शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।









