
हाथरस 27 अक्टूबर । शहर के इगलास रोड स्थित वीएस क्रिकेट ग्राउंड पर हाथरस जूनियर प्रीमियर लीग के दूसरे दिन दो लीग मुकाबले खेले गए। पहले मैच में रॉयल स्ट्राइकर्स ने गनिहार टाइटंस को 12 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में वर्मा एम्पायर ने हाथरस पैंथर्स को तीन विकेट खोकर आसानी से पराजित कर दिया। पहले मुकाबले में गनिहार टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल स्ट्राइकर्स की टीम ने अपने सभी विकेट गंवाकर 100 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष ने 19 और रिहान ने 17 रन का योगदान दिया। गनिहार टाइटंस की ओर से सचिन ने तीन और मानव ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गनिहार टाइटंस की पूरी टीम 88 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से लक्ष्य ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। रॉयल स्ट्राइकर्स की ओर से भानु चौधरी और रिहान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट चटकाए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए भानु चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में हाथरस पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम वर्मा एम्पायर की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और महज 66 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। हाथरस पैंथर्स की ओर से साकिब ने सर्वाधिक 21 रन बनाए। वर्मा एम्पायर की तरफ से अलीशान ने चार और हनी ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वर्मा एम्पायर ने तीन विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से धैर्य ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, जबकि हाथरस पैंथर्स की तरफ से वैभव ने दो विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए अलीशान को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैचों में सौरभ चंद्रा, दिव्यांक भाटिया और मनु वर्मा ने अंपायरिंग की, जबकि सौरभ शर्मा ने कमेंट्री की। इस दौरान विजय शर्मा, गोपाल पौनिया, शेखर कश्यप, युग, दिव्यांश, कृष्णा, हर्ष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








