
हाथरस 27 अक्टूबर। भारतीय डाक विभाग, अलीगढ़ मंडल की ओर से जनपद में आधार संबंधी सेवाओं को सुगम और सुलभ बनाने के उद्देश्य से 1 नवंबर 2026 को विशेष आधार नामांकन एवं अपडेट शिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का आयोजन मेला दाऊजी महाराज पंडाल में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शिविर में नागरिकों के नए आधार कार्ड का नामांकन करने के साथ ही मौजूदा आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल और बायोमेट्रिक सहित अन्य आवश्यक विवरणों में संशोधन एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों को नया आधार बनवाना है या अपने आधार कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन अथवा अपडेट कराना है, वे निर्धारित तिथि पर मेला दाऊजी महाराज पंडाल पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं।








