
हाथरस 27 अक्टूबर। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार, हाथरस में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम (NAPS) के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजकीय आईटीआई और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित लाभार्थियों का योजना के तहत अधिकाधिक पंजीकरण कराने तथा उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। बैठक में अप्रेंटिसशिप योजना के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को व्यावहारिक कार्यानुभव उपलब्ध कराने और योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत नियोजित लाभार्थियों को आगामी 2 नवंबर को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उनके कौशल को व्यावहारिक अनुभव से मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाना है। बैठक में नोडल राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य, उपायुक्त उद्योग (जिला उद्योग केंद्र), निजी आईटीआई के प्रधानाचार्य, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के MIS, DPM एवं BPM तथा राजकीय आईटीआई के कर्मचारी उपस्थित रहे।








