
हाथरस 27 अक्टूबर। किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज निर्धारित दरों पर आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जनपद में बीज विक्रय दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और शासन के निर्देशों के क्रम में तहसीलवार उर्वरक निरीक्षकों एवं अधिकारियों की टीमें गठित कर दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कराया गया। जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिले में कुल 41 बीज विक्रय दुकानों पर छापे की कार्रवाई की गई और बीज के 16 नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, तहसील हाथरस में जिला कृषि रक्षा अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक सतेन्द्र सिंह, तहसील सिकंदराराऊ में जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी तथा तहसील सासनी और सादाबाद में अपर जिला कृषि अधिकारी राहुल प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। विभाग का उद्देश्य बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और किसानों को निर्धारित कीमत पर बीज उपलब्ध कराना है।
कृषि विभाग ने सभी बीज विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित दरों से अधिक कीमत पर बीज की बिक्री की गई, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध बीज अधिनियम, 1966 के तहत कार्रवाई की जाएगी। बीज से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए किसान जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8126556290 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से बीज खरीदते समय निर्धारित मूल्य और गुणवत्ता पर ध्यान देने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम को सूचित करने की अपील की है।








