
हाथरस 27 अक्टूबर। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में अग्रवाल नारी जागृति मंच की ओर से शहर के एक रेस्टोरेंट में भव्य दीपोत्सव एवं डांडिया-गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीपों की जगमगाहट और दीपावली की शुभकामनाओं के साथ हुई। समारोह में मंच की सभी सदस्याओं ने खूबसूरत डांडिया ड्रेसेस और रंग-बिरंगे परिधानों में शामिल हुईं। पारंपरिक और आधुनिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी और पूरा हॉल उत्सव के रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान डांडिया क्वीन प्रतियोगिता के साथ हाउजी और विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाउजी का संचालन अंजू अग्रवाल ने किया, जबकि गेम्स की जिम्मेदारी श्वेता गोयल और शिल्पी गोयल ने संभाली। पंचुअलिटी गेम सपना अग्रवाल ने कराया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के लकी विनर्स को सम्मानित किया गया और दीपावली के अवसर पर सभी सदस्यों को रिटर्न गिफ्ट भी दिए गए। इसके बाद सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था की अध्यक्षा दीप्ति अग्रवाल ने किया, जबकि सह-संयोजक एवं सचिव नमिता अग्रवाल ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच की सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और आपसी सहयोग से आयोजन उत्साहपूर्ण बना रहा। अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ समारोह का समापन किया।








