
हाथरस 27 अक्टूबर। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत कक्षा 12 से ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के नवीन एवं नवीनीकरण आवेदनों की प्रक्रिया जारी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। नवीन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र का प्रिंट निकालने की अंतिम तिथि 15 नवंबर है, जबकि हस्ताक्षरित आवेदन पत्र और आवश्यक अभिलेख संबंधित शिक्षण संस्थान में 16 नवंबर तक जमा करने होंगे। शिक्षण संस्थानों को आवेदनों का सत्यापन कर 17 नवंबर तक अग्रसारित करना होगा। विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध सत्यापन एजेंसी द्वारा आवेदन सत्यापन की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
नवीनीकरण के लिए विद्यार्थियों को 23 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। संबंधित शिक्षण संस्थानों को बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, अंक और उपस्थिति का सत्यापन कर आवेदन 15 नवंबर तक अग्रसारित करना है। विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध एजेंसी द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि 18 नवंबर 2026 है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों को आवेदन करते समय बैंक खाते का विवरण, आधार संख्या, आय प्रमाण-पत्र, जहां लागू हो वहां जाति प्रमाण-पत्र और पिछली कक्षा के अंकपत्र सहित सभी आवश्यक जानकारियां सही-सही भरने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि आवेदन पत्र का प्रिंट निकालकर जरूरी अभिलेखों के साथ संस्थान में जमा करना सुनिश्चित करें।
शिक्षण संस्थानों को भी निर्देशित किया गया है कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन और अग्रसारण करें। विद्यार्थियों को अपने आवेदन की स्थिति नियमित रूप से जांचने और संस्थान से सत्यापन की पुष्टि प्राप्त करने की सलाह दी गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र छात्र-छात्राओं और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा एवं पोर्टल पर उपलब्ध आधिकारिक निर्देशों का पालन करते हुए आवेदन प्रक्रिया समय से पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।








