
हाथरस 26 अक्टूबर। गांव ऐहन में ठाकुर जी महाराज मेले के अंतर्गत पारंपरिक कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल का उद्घाटन भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह मीडिया संयोजक अनिल सिसोदिया ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने अखाड़े में उतरे पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती मुकाबलों की शुरुआत कराई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दंगल के आयोजन को लेकर ग्रामीणों और कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अखाड़े में पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के पारंपरिक दांव-पेच का प्रदर्शन किया। गांव में आयोजित इस दंगल ने मेले के उत्सवी माहौल को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर नरेश प्रधान, विकास पौरुष, गोविंद चौहान और गौरव ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि गांव ऐहन में ठाकुर जी महाराज के ऐतिहासिक मेले के अवसर पर हर वर्ष विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कुश्ती दंगल भी मेले की प्रमुख परंपराओं में शामिल है।








