Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 19 अक्टूबर। सिकन्द्राराऊ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर और रोटावेटर की चपेट में आने से युवक राहुल की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस ने 19 अक्टूबर को आरोपी शिव कुमार को रतिभानपुर ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, ग्राम मुन्नापुर निवासी आकाश पुत्र गिरीश चन्द्र ने 12 अक्टूबर  को थाना सिकन्द्राराऊ में लिखित तहरीर देकर घटना की जानकारी दी थी। तहरीर के मुताबिक, 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे उनका भाई राहुल नल पर पानी पी रहा था। इसी दौरान पड़ोस के खेत में ट्रैक्टर चला रहे गांव के ही शिव कुमार पुत्र सूरजवीर सिंह उर्फ रवि ने राहुल को आवाज देकर अपने पास बुलाया। आरोप है कि इसके बाद शिव कुमार ने तेज गति से ट्रैक्टर चलाते हुए राहुल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे राहुल रोटावेटर में फंस गया और करीब तीन से चार मीटर तक घसीटता चला गया।

शिकायत के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक थाना सिकन्द्राराऊ को निर्देशित किया था। इसी क्रम में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव कुमार पुत्र सूरजवीर सिंह उर्फ रवि, निवासी ग्राम मुन्नापुर, थाना सिकन्द्राराऊ, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मु0अ0सं0 728/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा और थाना सिकन्द्राराऊ की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page