Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 अक्टूबर । कस्बे में रविवार रात विप्र शिरोमणि भगवान श्री परशुराम की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। नामचीन बैंडों की मधुर धुनों और डेढ़ दर्जन आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

रोशनलाल कॉलेज में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि जब-जब समाज में अन्याय सामने आएगा, तब-तब न्याय के प्रतीक के रूप में भगवान परशुराम का जन्म होता रहेगा। विप्र समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। इस समाज ने ऋषि-मुनि और शिक्षक बनकर केवल देश ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में भी ब्राह्मण समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा। 1857 की क्रांति का बिगुल फूंकने वाले मंगल पांडेय से लेकर चंद्रशेखर आजाद और बटुकेश्वर दत्त जैसे क्रांतिकारियों ने देश के लिए बलिदान दिया। ब्राह्मण समाज ने कभी जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया। जन्म से मृत्यु तक प्रत्येक संस्कार में समाज के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने ब्राह्मणवाद का विरोध करने वालों पर भी निशाना साधा और समाज के लोगों से विचलित नहीं होने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भगवान परशुराम और गौतम ऋषि के स्वरूपों की आरती उतारी गई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय और जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने फीता काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। दक्षिण भारत के कलाकारों की आधा दर्जन रोड शो झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। शोभायात्रा समिति अध्यक्ष जीतू गौतम और उनकी टीम ने अतिथियों का पटका एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया गया। शोभायात्रा रोशनलाल कॉलेज से जवाहर बाजार, चौक बाजार और रोडवेज बस स्टैंड होते हुए हाथरस रोड स्थित कृष्णा गार्डन पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, डॉ. अविन शर्मा, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, रामेश्वर उपाध्याय, शैलेंद्र शर्मा, राजेश गौतम, सुदामा दीक्षित और विपिन लवानिया सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page