
हाथरस 16 अक्टूबर । थाना चंदपा क्षेत्र के नगला बास गांव में उधारी का सामान देने से मना करने पर महिला दुकानदार के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, नगला बास निवासी गीता पत्नी श्यामसुंदर गांव में दुकान चलाती हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अक्टूबर की शाम गांव का बादाम उनकी दुकान पर उधार सामान लेने आया था। पिछली उधारी बकाया होने के कारण गीता ने उसे सामान देने से मना कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ देर बाद बादाम, उसका भाई मुकुल, कुलदीप और अन्नू पुत्री हरि सिंह एकजुट होकर दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए गीता के साथ मारपीट कर दी। घटना में गीता के सिर में चोट आई। पीड़िता ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने गीता की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






