सादाबाद 16 अक्टूबर । बीती रात बारिश का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज मार्ग पर लगे 250 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर को निशाना बना लिया। बदमाश ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके अंदर लगी कीमती कॉपर की कॉयल और तेल चोरी कर ले गए। वारदात के बाद इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सुबह बिजली नहीं आने की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मचारियों को चोरी की जानकारी हुई।
जानकारी के अनुसार, श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज मार्ग पर विद्युत विभाग का 250 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। बीती रात बारिश होने के दौरान अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी सफाई से ट्रांसफार्मर के उपकरण खोल दिए और उसके अंदर से कॉपर की कॉयल तथा तेल निकालकर ले गए। चोर ट्रांसफार्मर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर गए। शुक्रवार सुबह इलाके में विद्युत आपूर्ति नहीं होने पर लोगों ने विद्युत विभाग से शिकायत की। शिकायत मिलने पर विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहां ट्रांसफार्मर की हालत देखकर कर्मचारी हैरान रह गए। ट्रांसफार्मर के उपकरण खुले हुए थे और अंदर से कॉपर की कॉयल तथा तेल गायब था। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही अवर अभियंता अजय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर को खोलकर उसमें लगे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया है। अवर अभियंता अजय कुमार ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। साथ ही अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में शिकायत की है। ट्रांसफार्मर चोरी की इस वारदात से विद्युत विभाग को नुकसान हुआ है। वहीं ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है।






