हाथरस 16 अक्टूबर । कस्बा मुरसान स्थित राजा महेंद्र प्रताप कॉलोनी में चौधरी रतन ठैनुआ द्वारा विशाल देवी जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने फीता काटकर, पूजा-अर्चना कर एवं महामाई की ज्योति प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक चौधरी रतन ठैनुआ ने ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय का फूल-माला पहनाकर, माता रानी की चुनरी ओढ़ाकर तथा दुर्गा माता की प्रतिमा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि महामाई का जागरण कराने और माता रानी की ज्योति प्रज्वलित करने से मन को शांति एवं प्रसन्नता मिलती है। माता रानी की कृपा से जीवन में सुख-शांति और सकारात्मकता का संचार होता है। उन्होंने कहा कि हम सभी पर महामाई की असीम कृपा बनी हुई है। उन्होंने सर्व समाज के लोगों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए प्रार्थना की कि माता रानी की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे। देवी जागरण के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की और माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजा गरुड़ध्वज सिंह, अमित उपाध्याय, चेतन शर्मा, अनिल उपाध्याय, ब्रजेश सिंह, संदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










