
हाथरस 16 अक्टूबर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के उद्देश्य से शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विधानसभा निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके तहत ‘कोई मतदाता न छूटे’ (No Voter to Be Left Behind) के लक्ष्य को साकार करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 78-हाथरस (अजा), 79-सादाबाद और 80-सिकन्दराराऊ में यह विशेष कैंप आयोजित होगा। कैंप के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची में पहली बार नाम शामिल कराने या छूटे हुए नाम के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने अथवा नियमानुसार नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने या एक ही विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र पर स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। विशेष कैंप में आवेदन करने वाले नागरिकों को अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लेकर आने की सलाह दी गई है। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर उपलब्ध है, तो उसे भी साथ लाना उपयोगी होगा। इससे आवेदन की प्रक्रिया में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता पंजीकरण के लिए निर्धारित फॉर्म संबंधित मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी या बीएलओ से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त तहसील कार्यालयों में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म प्राप्त कर आवेदन जमा किया जा सकता है। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने या विवरण में संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप अथवा आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।










