
हाथरस 16 अक्टूबर । प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक कक्ष में क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था सक्रिय रखी जाए। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सामान सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में मिली कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा आसपास सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि PET-2026 की लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को कुल छह पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर दो पालियां होंगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। जनपद हाथरस में परीक्षा के लिए कुल 16 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें नौ अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, पांच सीबीएसई बोर्ड के विद्यालय और दो अशासकीय सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेज शामिल हैं।
निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 6,576 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि सभी छह पालियों में कुल 39,456 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी 16 केंद्रों पर 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षकों की बाह्य ड्यूटी निर्धारित की गई है। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा कार्यदायी संस्था के प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








