
हाथरस 15 अक्टूबर । शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत 15 अक्टूबर 2026 को छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जानकारी देकर विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि हाथरस के फूलचंद बागला महाविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इस योजना का उद्देश्य विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सकें। विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि योजना के अंतर्गत शासन द्वारा चयनित शिक्षकों के माध्यम से मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इसमें संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं अन्य भर्ती बोर्डों की परीक्षाओं के साथ जेईई मेन्स, नीट, सीडीएस, एनडीए, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
कार्यक्रम में बताया गया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण अनेक विद्यार्थी बड़े शहरों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। ऐसे विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एक उपयोगी अवसर है, जिसके माध्यम से उन्हें अपने जिले में ही निशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन की सुविधा मिल सकती है। कार्यक्रम की जानकारी मिशन शक्ति की संयोजक प्रोफेसर सुनन्दा महाजन एवं एनसीसी के लेफ्टिनेंट डॉ. पप्पू चौधरी ने दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने, लक्ष्य निर्धारित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। इस कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।







