
हाथरस 14 अक्टूबर । जिला अस्पताल मे आज शव ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध न होने का मामला सामने आया। 40 वर्षीय यासीन की मृत्यु के बाद उनके स्वजन को शव ई-रिक्शा से घर ले जाना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस और शव वाहन के लिए कई बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें सहायता नहीं मिली। सासनी बिजली घर निवासी रमजानी ने बताया कि यासीन पहले से बीमार थे। कुर्सी से गिरने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद शव को घर ले जाने के लिए स्वजन ने अस्पताल में एंबुलेंस और शव वाहन की मांग की, लेकिन आरोप है कि उनकी सुनवाई नहीं हुई। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में संबंधित अधिकारी भी नहीं मिले और कर्मचारियों ने खुद ही वाहन की व्यवस्था करने को कह दिया। ऐसे में मजबूर होकर स्वजन ने निजी खर्च पर ई-रिक्शा बुलाया और उसी से शव को घर ले गए। इस घटना के बाद अस्पताल में शव वाहन की उपलब्धता और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।




