
हाथरस 14 अक्टूबर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन हाथरस के सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति श्रीमती अंजुला सिंह माहौर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर विधायक सादाबाद वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का अंगवस्त्र एवं भेंट देकर स्वागत किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, शिक्षिकाओं, चिकित्सकों, खिलाड़ियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, महिला सफाई कर्मियों, वार्डनों एवं छात्राओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सम्माननीय स्थान प्राप्त रहा है और इतिहास में महिलाओं ने शासन, धर्म, राजनीति एवं समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को केंद्र में रखकर अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं की सुरक्षा, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा के प्रति तत्परता से कार्य करने के लिए पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक बेटी को सुरक्षित जीवन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे। बेटियों को प्रोत्साहन और पर्याप्त अवसर देकर उन्हें उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति स्वरूपा माना गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए आरक्षण तथा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई और रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर महिला पीएसी बटालियनों का गठन महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बेटियों के उज्ज्वल भविष्य तथा महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के संकल्प का भी उल्लेख किया।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि मिशन शक्ति-6.0 के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना है, जिससे वे भविष्य में और बेहतर योगदान देने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण और विकास में महिलाओं की भूमिका पुरुषों के समान महत्वपूर्ण है। सशक्त, समृद्ध एवं प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए महिलाओं और पुरुषों को समान अवसर, सम्मान एवं अधिकार मिलना आवश्यक है। उन्होंने ऐसे समाज के निर्माण पर जोर दिया, जहां महिलाओं की प्रतिभा और योगदान को उचित सम्मान मिले तथा वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाली विद्यालयों की छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली बेटियों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे जनपद का नाम प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। जीजीआईसी की छात्राओं ने बेटी के सम्मान एवं उज्ज्वल भविष्य पर आधारित गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ‘सेव गर्ल चाइल्ड’ विषय पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा एवं शिक्षा का संदेश दिया। अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक भी किया गया। महिला सुरक्षा के लिए वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 तथा एंबुलेंस सेवा 108 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन के बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में अशोक का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित महिला कार्यकर्ता, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।






