सादाबाद 10 अक्टूबर । ‘रामहि देखि बरात जुड़ानी। प्रीति कि रीति न जाति बखानी ॥’ नृप समीप सोहहिं सुत चारी। जनु धन धरमादिक तनुधारी ॥ अर्थात राम को देखकर बारात शीतल हुई। के प्रीति की रीति का बखान नहीं हो सकता। राजा के पास चारों पुत्र ऐसी शोभा पा रहे हैं मानो अर्थ, धर्म, काम और मोक्ष शरीर धारण किए हुए हों।
श्री रामलीला महोत्सव के तहत शनिवार शाम जब प्रभु राम की बारात निकली तो जन-जन अपने अराध्य के स्वरूप के दर्शन पाकर धन्य-धन्य हो गया। बारात में इस बार करीब दर्जनभर से ज्यादा झांकियां शामिल हुई। इस दौरान आस्था और सनातन परंपरा का संगम दिखाई दिया। भव्य रथ में सजे श्रीराम के स्वरूप के दर्शन पाने को भारी भीड़ ललायित रही। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की गूंज के बीच धूमधाम से राम बारात निकली। बारात में आध्यात्मिक झांकियों के साथ सामाजिक संदेश देने वाली झांकियां भी शामिल हुई।राम बारात का शुभारंभ रमनरेती आश्रम के प्रख्यात संत काष्र्णि गोविंदानंद एवं इंद्रेश जी महाराज ने पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद बसपा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा तथा राम बारात संयोजक, भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम ने भी विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत भगवान श्रीराम की बारात नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। बारात में भगवान श्रीगणेश, राधा-कृष्ण, शिव-शंकर, मां दुर्गा, मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। करीब डेढ़ दर्जन झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। राधा-कृष्ण की झांकी और रोड शो भी आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण एक रथ पर विराजमान थे, जबकि दूसरे रथ पर भरत और शत्रुघ्न सवार थे। सुसज्जित रथों और झांकियों को देखने के लिए लोग सड़क किनारे खड़े रहे। न्यायालय प्रांगण से शुरू हुई राम बारात विनोबा नगर चौराहे पर पहुंची। यहां बारात के दर्शन के लिए जनसमूह उमड़ पड़ा। इसके बाद बारात रोडवेज बस स्टैंड होते हुए जवाहर बाजार पहुंची। यहां से सब्जी मंडी चौराहा और चौक बाजार होते हुए मोहल्ला आगरा गेट स्थित जनकपुरी पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और बाजारों में देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा। राम बारात के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। हाईवे पर एक तरफ का मार्ग बंद रखा गया, जिससे बारात को सुरक्षित निकाला जा सके। व्यवस्था संभालने के लिए प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता प्रवीण पौनिया, श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष आदित्य रावत सहित समिति के पदाधिकारी और अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की बारात का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।





