Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अक्टूबर। जनपद में आयोजित 115वें श्री दाऊजी महाराज मेले को पुलिस प्रशासन ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न कराया। मेले के दौरान हाथरस पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते 17 सितंबर 2026 से 6 अक्टूबर 2026 तक कुल 80 बिछड़े बच्चों को सकुशल उनके परिवारों के सुपुर्द किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व तथा मेला प्रभारी अवधेश कुमार के समन्वय से मेले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बच्चों की सुरक्षा और सहायता को प्राथमिकता दी। मेले में परिजनों से बिछड़े बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित रखने और उनके परिवारों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही के बीच बच्चों के अपने परिजनों से बिछड़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने का काम किया। 20 दिनों के दौरान 80 बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किए जाने से प्रभावित परिवारों को राहत मिली।

पुलिस ने अभिभावकों से की सतर्क रहने की अपील

हाथरस पुलिस ने मेले, धार्मिक आयोजनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। पुलिस ने अभिभावकों से कहा है कि बच्चों को अपना नाम, माता-पिता का नाम और मोबाइल नंबर याद कराएं तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर उन्हें अकेला न छोड़ें। पुलिस के अनुसार, यदि कोई बच्चा बिछड़ जाए या किसी स्थान पर अकेला मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी अथवा पुलिस सहायता केंद्र को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। हाथरस पुलिस ने कहा कि जनपदवासियों की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page