
हाथरस 10 अक्टूबर। आगामी दुर्गा पूजा, महाष्टमी, महानवमी, विजय दशहरा, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा सहित नवरात्रि से छठ पर्व तक आयोजित होने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कोतवाली सासनी से वर्चुअल माध्यम से संबंधित अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और शांति समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी त्योहारों के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें। मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों और रावण दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों पर सुरक्षा के निर्देश
डीएम ने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, तहसीलदारों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों तथा प्रमुख बाजारों में प्रतिदिन संयुक्त रूप से पैदल भ्रमण करने के निर्देश दिए। साथ ही शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आमजन से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण, पर्याप्त आवागमन मार्ग और संभावित भीड़ के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। राम बारात और अन्य जुलूसों के निर्धारित मार्गों का उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा विद्युत विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करेंगे। डीएम ने लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज विभाग को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत नालियों की सफाई, कीटनाशक का छिड़काव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही कराया जाए। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं और आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को खोया, पनीर, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा गया।
डीजे, सोशल मीडिया और अवैध पटाखों पर रहेगी निगरानी
डीएम ने डीजे पर अश्लील, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीतों के प्रसारण पर रोक लगाने तथा निर्धारित मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं और आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही अवैध पटाखों के भंडारण, कालाबाजारी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से आमजन के साथ शालीन व्यवहार करने और आपसी समन्वय से कार्य करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान जनसुविधाओं और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल: एसपी
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को दुर्गा पूजा पंडालों में रात्रिकालीन निगरानी रखने तथा शोभायात्राओं और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने टेसू विवाह की परंपरा के दौरान बच्चों के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण से उत्पन्न होने वाले संभावित विवादों पर नजर रखने और आयोजकों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने पूर्व में विवाद वाले स्थलों को चिह्नित कर विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों से स्वयंसेवकों की सूची उपलब्ध कराने और सोशल मीडिया पर किसी भी अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में त्योहारों को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी भी दी।










