श्री राम की भक्ति में डूबा हाथरस, धूमधाम के साथ निकली राम बारात, लोगों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत


हाथरस 08 अक्टूबर। हाथरस शहर में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव के तहत गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और उनके तीनों भाइयों की बरात धूमधाम से निकाली गई। कई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। जगह-जगह चारों भाइयों के स्वरूपों की आरती उतारी गई और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। रात को आगरा रोड स्थित आवास विकास में सजाई गई जनकपुरी में पहुंचने पर बरात का स्वागत किया गया। इससे पहले शहर के नयागंज हनुमान गली स्थित हनुमान मंदिर से आज शाम को राम बरात का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। रामलीला कमेटी और सार्वजनिक धार्मिक सभा के पदाधिकारियों ने चारों भाइयों के स्वरूपों की आरती उतारी और उनका तिलक किया। इसके बाद बरात ने आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजों के साथ शहर में भ्रमण किया। बरात में चार घोड़ों पर सवार भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न के अलावा भगवान श्रीगणेश की झांकियों ने सभी का मन मोहा। इस दौरान पूरा शहर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गुंजायमान हो गया। जनकपुरी पहुंचने पर बरात का भव्य स्वागत किया गया। यहां जनकपुरी की मनोहारी छटा देखने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ था। इस मौके पर डॉ अविन शर्मा, अध्यक्ष रामबहादुर यादव, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार गौतम, मंत्री कैलाश चंद्र अग्रवाल, उपमंत्री रामअवतार यादव, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल के अलावा संयोजक क्षमा शर्मा, सह-संयोजक ऋषिका भाटिया, उपाध्यक्ष अमित यादव व प्रबंधक कृष्ण कुमार गौतम, राहुल चौधरी, सचिन माहेश्वरी, सिद्धार्थ बांठिया, विनय माहेश्वरी व देश दीपक रावत आदि मौजूद रहे ।









