Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 अक्टूबर। समान काम-समान वेतन, सेवा सुरक्षा और नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने गुरुवार को सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 11 बजे बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मी सीएमओ कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की प्रमुख मांगों में समान काम-समान वेतन, सेवा सुरक्षा और नियमितीकरण शामिल हैं। इसके अलावा कर्मचारी 10 लाख रुपये का फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, ईपीएफ, एचआरए, महंगाई भत्ता, ग्रेच्युटी तथा सेवाकाल में मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी कर रहे हैं। संघ के हाथरस जिला अध्यक्ष ऋषभ गौतम ने बताया कि संविदा स्वास्थ्य कर्मी 18 साल से अधिक समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाए और वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि की जाए। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की बात सामने आई है। जिला अस्पताल की ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम पर असर पड़ने का दावा किया गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित चिकित्सा कार्य भी प्रभावित होने की बात कही जा रही है। धरने पर बैठे संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो 12 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page