Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 अक्टूबर। ससुर पर छेड़छाड़ और पति पर दूसरी महिला से संबंध रखने का आरोप लगाते हुए एक विवाहिता ने अलीगढ़ मंडल के डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने पति, सास-ससुर समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव ऐहन निवासी तन्नू पत्नी श्याम पुत्री भोलेशंकर ने डीआईजी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 4 मई 2021 को श्याम पुत्र सौदान सिंह निवासी बरवाना, थाना हाथरस जंक्शन, हाल निवासी जोड़ा फाटक, मकान संख्या 1290, गली नंबर 2, जज नगर, अमृतसर, पंजाब के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि उसका ससुर गंदी नीयत से उसके शरीर को छूता है और उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। इसकी शिकायत पति से करने पर पति ने भी उसका साथ देने के बजाय उसे ही प्रताड़ित किया। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति का किसी अन्य महिला से संपर्क है।

तन्नू के मुताबिक, जब उसने इन घटनाओं की जानकारी अपने कैंसर से पीड़ित पिता को दी तो पिता ने फोन पर उसके पति और ससुर से बात की। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि इसी चिंता के चलते उसके पिता की 22 अप्रैल को मृत्यु हो गई। शिकायत के अनुसार, इसके अगले दिन 23 अप्रैल को पति उसे और उसकी तीन वर्षीय बेटी को मायके छोड़कर चला गया। पिता की तेरहवीं के बाद जब पति को वापस बुलाने के लिए फोन किया गया तो आरोप है कि उसने दूसरी महिला से शादी करने और तलाक लेने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद वह अपने 16 वर्षीय छोटे भाई नीतेश के साथ अमृतसर स्थित ससुराल पहुंची। आरोप है कि पति, सास, ससुर, ननद मंजू और देवर राम ने उसे धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। विवाहिता ने डीआईजी से पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page