
हाथरस 08 अक्टूबर। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अपनी पुत्रियों का विवाह कराने के इच्छुक पात्र लाभार्थियों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। जनपद हाथरस में 21 नवंबर को सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद हाथरस की निवासी पात्र बालिग कन्या, तलाकशुदा एवं विधवा महिला आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए आधार संख्या होना अनिवार्य है। इच्छुक लाभार्थी अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र/सीएससी केंद्र के माध्यम से अथवा स्वयं विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय वेबसाइट https://cmsvy.upsdc.gov.in पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण की जा सकती है। आवेदन के दौरान सभी आवश्यक अभिलेख अपलोड करना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थी संबंधित खंड विकास अधिकारी कार्यालय तथा शहरी क्षेत्र के लाभार्थी संबंधित नगर पालिका/नगर पंचायत कार्यालय में आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन पत्र जमा करेंगे। अधिकारी ने बताया कि आवेदन सफलतापूर्वक भरे जाने के बाद आवेदन में दर्ज सत्यापित मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी मिलती रहेगी। विवाह सम्पन्न होने के बाद लाभार्थी अपना विवाह प्रमाण पत्र ऑनलाइन प्राप्त कर प्रिंट भी कर सकेंगे।
इन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता
ऑनलाइन आवेदन के लिए कन्या एवं वर का आधार कार्ड, कन्या के अभिभावक का आधार कार्ड, अभिभावक का आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, कन्या के बैंक खाते का विवरण तथा कन्या एवं वर के पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे। योजना के तहत अभिभावक की अधिकतम वार्षिक आय 3 लाख रुपये निर्धारित है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र एवं इच्छुक लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पूर्व ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर आवश्यक अभिलेख संबंधित कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि प्रस्तावित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उनका विवाह नियमानुसार सम्पन्न कराया जा सके।








