Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 अक्टूबर। महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का एक और मामला सामने आया है। सासनी क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग को लेकर मारपीट, प्रताड़ित करने और भूखा-प्यासा रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने देवर पर बदनीयती से छेड़खानी करने और धक्का देने से गर्भपात होने का भी आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सासनी क्षेत्र के ममौता कला निवासी मधु देवी पत्नी अजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी एक जुलाई 2020 को अलीगढ़ के चंडौस थाना क्षेत्र के टीकरी भवापुर कसेरू निवासी अजय पुत्र बाबूलाल के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार कोरोना संक्रमण के दौरान हुए लॉकडाउन के बीच उसके पिता ने शादी में छह लाख रुपये नकद देने के साथ सोने-चांदी के जेवर और अन्य स्त्रीधन दिया था। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल तथा एक लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति उसे रंग-रूप को लेकर ताने देता था और कथित तौर पर काली-कलूटी कहकर अपमानित करता था। शादी के बाद एक बेटी मोनिका का जन्म हुआ, जिसके बाद उसके साथ कथित उत्पीड़न और बढ़ गया।

महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसका स्त्रीधन अपने कब्जे में ले लिया और उसे भूखा-प्यासा रखने लगे। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि करीब दो माह की गर्भावस्था के दौरान उसके देवर विजय ने बदनीयती से उसके साथ छेड़खानी की और धक्का दे दिया। पीड़िता के अनुसार इस घटना के बाद उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता ने बताया कि मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पहुंचकर मामले को समझाने और विवाद खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि ससुर बाबूलाल, सास क्रांती और ननद आरती ने दहेज की मांग दोहराई। इसके बाद भी उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक 18 जून को ससुराल पक्ष के लोग उसे उसकी बेटी समेत केवल पहने हुए कपड़ों में गाड़ी से लेकर मायके पहुंचे और कथित तौर पर घर के बाहर धक्का देकर उतार दिया। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page