हाथरस 03 अक्टूबर। हाथरस गेट क्षेत्र के एक पिता ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जहर देकर जान से मारने का प्रयास करने और उसके दोनों बच्चों को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फूलनगर कॉलोनी, इगलास अड्डा निवासी विजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी दुर्गेश की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के विजयगढ़ चौराहा निवासी रामू पुत्र शंकरिया के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही रामू दान-दहेज से संतुष्ट नहीं था और उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। विजय कुमार के अनुसार सात अगस्त 2015 को उनकी बेटी के साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ दिया गया था। इसके बाद वकील के माध्यम से नोटिस दिए जाने पर रामू की बहन सुमनिया ने आश्वासन दिया और दुर्गेश को वापस ससुराल ले गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद करीब आठ वर्ष तक दंपती के बीच सब कुछ ठीक रहा और इस दौरान उनके दो बेटे भी हुए।
आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व रामू किसी अन्य महिला के संपर्क में आ गया। इसके बाद उसने दुर्गेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। विजय कुमार का आरोप है कि इसी दौरान उनकी बेटी को जहर देकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर वह अपनी बेटी और दोनों बच्चों को लेकर मायके आ गए। शिकायत के अनुसार कुछ दिन बाद विजय कुमार अपनी पत्नी के साथ वृंदावन गए हुए थे। इसी दौरान रामू उनके घर पहुंचा और दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि तब से दोनों बच्चे रामू के पास हैं और बेटी दुर्गेश अपने बच्चों को लेकर परेशान है। विजय कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि रामू फोन पर धमकियां दे रहा है और कहता है कि अब उसका उनसे कोई संबंध नहीं है तथा उसने दूसरा घर बसा लिया है। बेटी के बच्चों को वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पिता ने महिला थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






