
हाथरस 02 अक्टूबर। बागला इंटर कॉलेज में गुरुवार सुबह गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और प्रधानाचार्य ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। जीव विज्ञान प्रवक्ता चंद्रगुप्त मौर्य ने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता और स्वास्थ्य को विशेष महत्व देते थे। उनके विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
अंग्रेजी प्रवक्ता बसंत कुमार सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श हमें अपने जीवन को समाजहित के लिए समर्पित करने की प्रेरणा देते हैं। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने भारत की स्वतंत्रता के लिए सत्य और अहिंसा का मार्ग अपनाया तथा लोगों को एकता, शांति और सच्चाई का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती मनाने का उद्देश्य उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और देशप्रेम के संदेश को याद करना तथा नई पीढ़ी को इन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के सदस्य संजीव चौधरी, शाकिर अली, डॉ. रोहित कुमार सिंह, चंद्रवीर सिंह, डीपी सिंह, आशीष द्विवेदी, श्रीमती कमलेश, रजनी रावत, सत्य प्रकाश, डॉ. मनोज शर्मा, प्रमोद कुमार, नीलम उपाध्याय, जगन सिंह, राकेश चंद्र अग्निहोत्री, राजेश कुमार, संजय प्रकाश, मनोज कुमार, जयदेव, हरिनंदन, चंद्र प्रकाश, मोहनलाल, गौरव लवानिया सहित एनसीसी के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।




