सादाबाद : सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत, आगरा रोड पर बास अमरू के निकट पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर
सादाबाद 01 अक्टूबर। आगरा रोड पर गांव बास अमरू के निकट राजगढ़ पैलेस के सामने गुरुवार दोपहर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को रौंद दिया, जिसके कारण स्कूटी सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के मुताबिक गांव नगरिया निवासी 35 वर्षीय भीमसेन पुत्र विजेंद्र सिंह खंदौली बाजार करने के लिए गए थे। बाजार से सामान लेकर वह स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर ग्राम वास अमरू के निकट राजगढ़ पैलेस के सामने पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को पीछे से रौंद दिया, टक्कर लगने के बाद भीमसेन सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया। मृतक की पहचान भीमसेन के रूप में होने के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सामने शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में परिजनों का करुण क्रंदन सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिजनों ने बताया कि भीमसेन तीन बच्चों के पिता थे। उनकी असमय मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ इसलिए भी टूट पड़ा कि करीब दो वर्ष पहले मृतक के एक भाई की भी आंधी के दौरान पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर मौत हो गई थी। अब भीमसेन की सड़क हादसे में मौत ने परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।








